— वारदात का विवरण: बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र के दाऊजी रोड पर शनिवार को जमानत पर जेल से छूटे युवक की गाड़ी पर हथियारों से लैस बदमाशों ने हमला बोल दिया और ताबड़तोड़ हमला कर गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
— जान बचाकर भागे युवक: हाल ही में जमानत पर बाहर आए दानिश और मोईन पर यह हमला हुआ; अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि दोनों ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
— पुलिस जांच और CCTV: सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है; मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है।
बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही संघर्ष की घटनाओं के बीच शनिवार को दाऊजी रोड पर युवकों की गाड़ी पर हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोधी गुट ने दानिश और मोईन की गाड़ी को निशाना बनाते हुए हमला किया और उसके शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दानिश शनिवार को ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि उसके बाहर आने की जानकारी मिलते ही विरोधी पक्ष के कुछ युवक हथियारों के साथ दाऊजी रोड पहुंचे और दानिश व मोईन की गाड़ी पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान गाड़ी के शीशे टूट गए। स्थिति बिगड़ती देख दानिश और मोईन किसी तरह मौके से निकल गए और अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने खंगाले CCTV
घटना की सूचना मिलने पर नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में विस्तृत पुष्टि नहीं की गई है।
फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं
घटना के बाद इलाके में फायरिंग की चर्चा भी सामने आई, लेकिन पुलिस ने मौके पर फायरिंग की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र में बुधवार को चाकूबाजी की घटना भी सामने आई थी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

0 Comments