Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर में 65 लाख की अवैध शराब की खेप पकड़ी, ट्रक चालक गिरफ्तार

India-1stNews



​— बड़ी जब्ती: लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने भारतमाला रोड पर सेजड़ासर सरहद में नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 732 कार्टन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 65 लाख रुपए है।

छिपाने का तरीका: तस्कर ट्रक में ऊपर पशु आहार और लकड़ी के भूसे के कट्टे रखकर उसके नीचे अवैध शराब की खेप छिपाकर ले जा रहे थे।

चालक गिरफ्तार: आबकारी विभाग की इस कार्रवाई में ट्रक चालक जयराम विश्नोई (निवासी जालौर) को गिरफ्तार कर लिया गया है, तथा शराब के स्रोत व गंतव्य की जांच जारी है।

बीकानेर। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत बीकानेर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने मुखबिर की सूचना पर भारतमाला रोड स्थित सेजड़ासर सरहद में नाकाबंदी कर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 732 कार्टन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है।

जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के अनुसार ट्रक संख्या RJ.02.GB.4815 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में ऊपर से पशु आहार और लकड़ी के भूसे के कट्टे रखे हुए थे। इनके नीचे अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। तलाशी के दौरान रॉयल चैलेंज के 227 कार्टन, पव्वों के 380 कार्टन तथा ऑल सीजन ब्रांड के 125 कार्टन बरामद हुए। कुल 732 कार्टन शराब जब्त की गई।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक जयराम विश्नोई निवासी जालौर को गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग की टीम अब शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा, उपायुक्त ईपीएफ पोमाराम रोहिण और डीईओ बीकानेर संजीव कुमार पटावरी के सुपरविजन में सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। सूचना उपलब्ध कराने में डीईओ पाली मनोज बिस्सा और सिपाही मनोज की भूमिका रही।

प्रदेशभर में भी आबकारी विभाग की कार्रवाई

विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 14 सितंबर 2026 को प्रदेशभर में विभिन्न कार्रवाई करते हुए 87 अभियोग दर्ज किए गए। विभाग के अनुसार इस दौरान देशी मदिरा के 340 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा के 72 लीटर और बीयर के 116 लीटर सहित 498 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। साथ ही 19,220 लीटर वॉश नष्ट किया गया और अभियान के तहत 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर, सूरतगढ़, अनूपगढ़, झालावाड़, जोधपुर, सिरोही, बांसवाड़ा और बूंदी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी नाकाबंदी, दबिश और गश्त के जरिए अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने अभियान के तहत अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562