बकरी चराने को लेकर विवाद के बाद दी थी जान से मारने की धमकी, सुबह सो रहे दंपती पर चढ़ा दिया डंपर
बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र के किशनायत गांव में खेत की ढाणी के बाहर सो रहे दंपती पर डंपर चढ़ाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त डंपर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को जेठाराम पुत्र पूनमाराम मेघवाल निवासी सूरजड़ा ने रिपोर्ट दी थी कि 20 सितंबर को उसकी 15-16 बकरियां खेत के बाहर चर रही थीं। आरोप है कि पड़ोसी गांव डेह निवासी बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक बकरियों को रोककर ले जा रहा था। इसको लेकर परिवादी के पिता पूनमाराम और खेत मालिक सुरेंद्र कुमार ने उसे उलाहना दिया। रिपोर्ट के अनुसार इसी दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से भाग गया।
सुबह डंपर लेकर पहुंचा और दंपती को कुचला
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले दिन 21 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे आरोपी डंपर लेकर किशनायत की रोही स्थित खेत की ढाणी में पहुंचा। आरोप है कि ढाणी के आगे चारपाई पर सो रहे पूनमाराम और उनकी पत्नी पूनम देवी के ऊपर डंपर चढ़ा दिया।
हादसे में पूनमाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पूनम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल बीकानेर में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ढाणी के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को भी डंपर की चपेट में ले लिया और करीब 250 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
परिवादी पर भी डंपर चढ़ाने का प्रयास करने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि घायल मां के इलाज के लिए साधन लेने एनएच-11 की ओर गए जेठाराम पर भी आरोपी ने वापस लौटकर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। जेठाराम के कूदकर बचने की बात रिपोर्ट में कही गई है, जबकि उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई।
CCTV और तकनीकी सहायता से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए गजनेर थाना पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करवाया और एफएसएल यूनिट तथा एमओबी टीम को मौके पर बुलाया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाने के साथ साक्ष्य जुटाए गए। दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया।
वारदात में इस्तेमाल डंपर RJ 07 GF 3076 को पुलिस ने जब्त कर लिया। एफएसएल और एमओबी टीम ने डंपर से भी साक्ष्य एकत्र किए।
आरोपी घटना के बाद लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम ने सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर सूचना तथा तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश की।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद बाबूलाल पुत्र फताराम उर्फ किसनाराम नायक, उम्र 27 वर्ष, निवासी डेह, थाना कोलायत, बीकानेर को दस्तयाब कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 103(1), 109(1), 329(3), 324(5), 351(3), 303(2) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से वारदात को लेकर पूछताछ जारी है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस पूरी कार्रवाई में गजनेर थानाधिकारी ओमप्रकाश सुथार, रविन्द्र कुमार, कालूराम, जोगाराम और चालक कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह की विशेष और सक्रिय भूमिका रही, जिनकी मुस्तैदी से 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


0 Comments