— दर्दनाक हादसा: बीकानेर के देशनोक थाना क्षेत्र के ओरण परिक्रमा रोड स्थित एक खेत में पानी की डिग्गी में डूबने से दो मासूम बच्चों और एक किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
— बचाने की कोशिश में गई जान: डिग्गी में डूब रहे 7 वर्षीय कृष और 4 वर्षीय कार्तिक को बचाने के लिए 17 वर्षीय पंकज भी पानी में कूद गया, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण तीनों की डूबने से मौत हो गई।
— परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: मूल रूप से हिसार जिले की आदमपुर तहसील के रहने वाले ये लोग पिछले 10 दिन से देशनोक क्षेत्र में खेत पर नरमा कटाई के सिलसिले में रह रहे थे; सोमवार शाम हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है।
बीकानेर: जिले के देशनोक थाना क्षेत्र से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की असमय मौत हो गई। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
खेत की डिग्गी में डूबने लगे बच्चे, बचाने कूदा किशोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे बच्चे आसपास नजर नहीं आए, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जब परिजन खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। कृष (7) और कार्तिक (4) पानी की डिग्गी में डूब चुके थे।
दोनों बच्चों को डूबता देख उन्हें बचाने के लिए पंकज (17) तुरंत डिग्गी में कूद गया। लेकिन पानी की गहराई और हालात के चलते पंकज भी बाहर नहीं निकल पाया और तीनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।
देशनोक सीएचसी में कराया गया पोस्टमार्टम
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने तीनों को डिग्गी से बाहर निकाला और आनन-फानन में देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई व पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यह परिवार पिछले करीब 10 दिनों से देशनोक क्षेत्र में खेत पर रहकर नरमा कटाई का कार्य कर रहा था। सोमवार शाम हुए इस अचानक हादसे ने हंसते-खेता परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।

0 Comments