— 20 लाख से अधिक की ठगी: जेएनवीसी थाना क्षेत्र में करीब 20 लाख रुपए नकद और 4 लाख रुपए कीमत के आभूषणों की संगठित आर्थिक धोखाधड़ी करने वाले शातिर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
— अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश: गिरफ्तार किए गए आरोपी दंपति देश के अलग-अलग राज्यों में इसी प्रकार की बड़ी ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
— उत्तर प्रदेश की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तारी: जेएनवीसी पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिला कारागार से मुल्जिमान रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी को गिरफ्तार किया है।
बीकानेर: बीकानेर जिले के जेएनवीसी थाना पुलिस ने आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय ठग दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस, जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा सदर वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी के सुपरविजन में थानाधिकारी जेएनवीसी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है।
क्या है पूरा मामला?
परिवादी नवीन कुमार चौहान ने जेएनवीसी थाने में प्रकरण दर्ज कराते हुए बताया था कि 26 मार्च 2025 को रोहित बाजपेयी और उसकी पत्नी अन्नू बाजपेयी ने उनके तथा उनके परिवार के साथ एक सुनियोजित, संगठित और गंभीर आर्थिक धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इन आरोपियों ने पहले आपसी विश्वास जीता और फिर साजिश के तहत 20,00,000 रुपए नकद एवं 4,00,000 रुपए मूल्य के आभूषणों की ठगी कर ली। इस रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जयप्रकाश को सौंपा गया।
उत्तर प्रदेश की जेल से हुई गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और विभिन्न स्रोतों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। पड़ताल में सामने आया कि ये आरोपी देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के थाना कोतवाली नगर में दर्ज प्रकरण संख्या 271/2026 के तहत आरोपी रोहित बाजपेयी और अन्नू बाजपेयी वहां की जेल (जिला कारागार सीतापुर) में बंद थे। इस पर जेएनवीसी थाने से सहायक उपनिरीक्षक जयप्रकाश मय जाब्ता सीतापुर कारागार पहुंचे और अनुसंधान के बाद मुल्जिमान को गिरफ्तार किया। इस मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।
गिरफ्तार आरोपीगण:
- रोहित बाजपेयी पुत्र दिनेश चन्द्र बाजपेयी (उम्र 44 वर्ष), निवासी- हाल मोहल्ला युसूफपुर भगवान मकरंद नगर, पुलिस थाना कोतवाली नगर, जनपद कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
- अन्नू बाजपेयी पत्नी रोहित बाजपेयी, पुत्री केशव राज पौडेल (उम्र 44 वर्ष), निवासी- हाल मोहल्ला युसूफपुर भगवान मकरंद नगर, पुलिस थाना कोतवाली नगर, जनपद कन्नौज, उत्तर प्रदेश।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस पूरी कार्रवाई में जेएनवीसी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जयप्रकाश, कांस्टेबल. पुखराज, महिला कांस्टेबल. अर्चना और अनुराधा की विशेष भूमिका रही।

0 Comments