Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

गोचर भूमि की दीवार तोड़ने का मामला, पुलिस और बदमाश के बीच चला फिल्मी ड्रामा

India-1stNews





बीकानेर। बंगलानगर में एक बदमाश पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर बोलेरो गाड़ी भगा ले गया। करीब चार किलोमीटर तक पीछा कर नाल और मुक्ता प्रसाद पुलिस ने ऊन मंडी स्थित ओवर ब्रिज के पास दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजेश पुत्र रामस्वरूप जाट, निवासी रामसर, हाल शिव शक्ति गैस गोदाम के पास बंगला नगर है।


मुक्ता प्रसाद थाने के एसएचओ अरविंद भारद्वाज ने बताया कि शुक्रवार रात को अज्ञात लोगों ने शहर नथानिया की गोचर भूमि पर बनी दीवार को तोड़ दिया था। एसआई हंसराज मौका मुआयना करने के लिए गए थे। इस बीच लोगों ने उन्हें बताया कि दीवार शुक्रवार रात को मनीष पुत्र शंकर लाल जाट, राकेश पुत्र बाबूलाल, किशन पुत्र सीताराम तथा भगवानाराम पुत्र रामस्वरूप कस्वां सहित चार-पांच अन्य ने तोड़ी है। बंगला नगर में एसआई हंसराज ने बोलेरो चालक को रोककर पूछताछ करनी चाही तो उसने अपनी बोलेरो से थाने की जीप को दो-तीन बार टक्कर मारी। इसके बाद वह गाड़ी को तेज गति से भगाकर ले गया। जिसे बाद में ऊन मंडी के पास काबू किया गया। बोलेरो चालक ने अपना नाम राजेश पुत्र रामस्वरूप बताया, जिसे गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।

ओवर ब्रिज के पास बोलेरो का टायर फटा
डूडी पेट्रोल पंप के पास नाल थाने की गाड़ी को टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक राजेश जाट ने बंगला नगर की गलियों में गाड़ी को भगा लिया। उसके पीछे नाल थाने की गाड़ी ने पीछा करना शुरू कर दिया। थाने के एसआई हंसराज ने वायरलेस से घटनाक्रम की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद मुक्ता प्रसाद थाने की पुलिस भी बदमाश के पीछे लग गई।

सदर, बीछवाल, जामसर, और नाल थाने की पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की। एसआई हंसराज ने बताया कि आरोपी राजेश जाट की गाड़ी का टायर ऊन मंडी के पास ब्लास्ट हो गया। इसके बाद पुलिस ने घेरा बनाकर आरोपी को काबू किया। मुक्ता प्रसाद थाने के एसएचओ अरविंद भारद्वाज और नाल थाने के एसआई हंसराज ने बताया कि पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने और गोचर की दीवार तोड़ने वाले आरोपी को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया है। एसपी तेजस्वनी गौतम के निर्देश पर शेष आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें गठित की है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement