Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

एक बार फिर हुआ रिश्तों का खून, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या

India-1stNews




आज के रिश्तों में पति-पत्नी के बीच जहां सात जन्मों का साथ निभाने की कसमें दी जाती हैं, वहीं चित्तौड़गढ़ में एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी. प्यार के नाम पर अपराध की ये वो वारदात है, जो समाज को आईना दिखाती है. निम्बाहेड़ा में इंजीनियर पति की लाश कुएं में मिली और 24 घंटे में पुलिस ने इस वारदात की परतें खोल दीं. ये खबर आपको सोचने पर मजबूर कर देगी कि भरोसे की कीमत अब जान से चुकानी पड़ रही है.

चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा कस्बे में रहने वाले RUDIP इंजीनियर मोतीलाल की हत्या की खबर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. मोतीलाल मूलतः भीलवाड़ा के दांतड़ा बांध का रहने वाला था और पत्नी सोनिया के साथ पिछले ढाई साल से किराये के मकान में रह रहा था. 14 मई की रात को सोनिया ने खुद मोतीलाल के पिता को फोन कर बताया कि वे फोन नहीं उठा रहे. इसके बाद परिजन निम्बाहेड़ा पहुंचे और थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई. सुबह जब तलाश शुरू हुई तो एक कुएं के पास खून के निशान और अंदर शव मिला.

जांच में जो कहानी सामने आई, वो रिश्तों को शर्मसार करने वाली थी. आरोपी वीर सिंह मीणा इंडियन बैंक में कैशियर है और मृतक की पत्नी सोनिया के साथ अवैध संबंध में था. दोनों को साथ रहने से रोकने के चलते मोतीलाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई. 14 मई की रात आठ बजे दोनों ने उसे घुमाने के बहाने सुनसान खेत में ले जाकर लोहे की भारी रॉड से सिर पर वार कर हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.



हत्या के बाद खुद सोनिया और आरोपी वीर सिंह ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की झूठी कहानी गढ़ी. रात में ही थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज करवाई, ताकि कोई उन पर शक नहीं करे. लेकिन पुलिस की साइबर सेल और निम्बाहेड़ा कोतवाली, निम्बाहेड़ा सदर थाना की टीम ने जब मोबाइल कॉल डिटेल्स और घटनास्थल की बारीकी से जांच की तो सच्चाई सामने आ गई. आरोपी वीर सिंह मीणा ने जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि प्रेमिका के साथ रहने की ख्वाहिश ने उसे हत्यारा बना दिया. अब आरोपी पुलिस रिमांड में है और पत्नी सोनिया से भी सख्ती से पूछताछ की जा रही है.

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562
Advertisement
Advertisement