Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर PBM में हंगामा: दवा ले आए परिजन, फिर भी तड़पता रहा मरीज; नर्सिंग स्टाफ से भिड़े लोग

India-1stNews



– एफ वार्ड की घटना: बेड नंबर 17 पर इलाज में देरी को लेकर बवाल; परिजनों का आरोप- डॉक्टर ने जो मंगाया वो ले आए, फिर भी नहीं लगाया इंजेक्शन

– सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा: वायरल वीडियो में दिख रही अव्यवस्था; पुलिस ने पहुंचकर शांत करवाया मामला, आए दिन हो रहे ऐसे झगड़े

बीकानेर, 31 जनवरी (शनिवार)। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि मरीज तड़पते रहते हैं और स्टाफ अपनी मस्ती में रहता है। शुक्रवार को अस्पताल के 'एफ' वार्ड (F Ward) में व्यवस्थाओं की पोल उस वक्त खुल गई, जब एक मरीज के परिजनों और नर्सिंग स्टाफ के बीच जमकर हंगामा हुआ।

​पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तीखी नोकझोंक साफ देखी जा सकती है। लोग वीडियो देखकर अस्पताल प्रशासन को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं।

"दवा हाथ में थी, पर लगाने वाला कोई नहीं"

​हंगामे की शुरुआत एफ वार्ड के बेड नंबर 17 से हुई। मरीज के परिजनों का कहना है कि डॉक्टर ने जो दवाएं और इंजेक्शन मंगवाए थे, वे बाजार से खरीद लाए थे। मरीज की हालत ठीक नहीं थी, लेकिन बार-बार कहने के बावजूद ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ ने इलाज शुरू नहीं किया। जब परिजनों ने देरी का कारण पूछा और विरोध जताया, तो बात बिगड़ गई। स्टाफ और परिजनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गई।

पुलिस को करना पड़ा बीच-बचाव

​हंगामा बढ़ता देख अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पीबीएम चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है; स्टाफ की कमी और समन्वय के अभाव में मरीजों की जान से खिलवाड़ रोज की कहानी बन गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सच

​मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे वाकये को मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग सवाल पूछ रहे हैं कि करोड़ों के बजट वाले इस अस्पताल में मरीज को समय पर इलाज क्यों नहीं मिल पा रहा है?


Post a Comment

0 Comments