– शोक की लहर: नापासर के गुसांईसर में 50 वर्षीय सरला देवी ने दी जान; इंद्रा कॉलोनी में 41 वर्षीय युवक के आत्मघाती कदम से सनसनी
– राहत कार्य: खिदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान की टीम ने पहुंचाया अस्पताल; पुलिस ने दर्ज की मर्ग
बीकानेर, 23 फरवरी (सोमवार)। बीकानेर जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आत्महत्या के दो मामले सामने आए हैं। पहली घटना नापासर थाना क्षेत्र के गुसांईसर गांव की है, वहीं दूसरी घटना शहर की इंद्रा कॉलोनी में रविवार शाम को घटित हुई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है।
केस 1: गुसांईसर में महिला ने पशुओं के बाड़े में दी जान
नापासर थाना क्षेत्र के गुसांईसर गांव में एक 50 वर्षीय महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सरला देवी (50), निवासी गुसांईसर के रूप में हुई है। मृतका के देवर फताराम मेघवाल ने पुलिस को बताया कि सरला ने घर में पशुओं के लिए बने छपरे में रस्सी का फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलने पर नापासर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
केस 2: इंद्रा कॉलोनी में युवक का मिला शव
शहर की इंद्रा कॉलोनी में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 41 वर्षीय व्यक्ति घर में फंदे से झूलता मिला।मृतक की पहचान चोरू राम (41) पुत्र सत्यनारायण, निवासी इंद्रा कॉलोनी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बीछवाल पुलिस और सामाजिक संगठन 'खिदमतगार खादिम सोसाइटी' व 'असहाय सेवा संस्थान' के सदस्य एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। हाजी जाकिर, हाजी नसीम, राजकुमार खड़गावत और उनकी टीम ने पुलिस की मौजूदगी में शव को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

0 Comments