– अलर्ट मोड: श्रीगंगानगर-बीकानेर सीमा के 'KND' और '4 BD' क्षेत्र को तस्करों ने बनाया टारगेट; 1 किलो हेरोइन के साथ सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
– कड़ी सुरक्षा: 2 दिन पहले भी इसी इलाके में मिले थे हथियार और ड्रोन; BSF की 140वीं वाहिनी और पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन जारी
बीकानेर, 1 मार्च (रविवार)।भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिशें लगातार जारी हैं। रविवार को श्रीगंगानगर और बीकानेर जिले की सीमा से सटे रावला-खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन ने दस्तक दी और हेरोइन की खेप गिराई। बीएसएफ और पुलिस के संयुक्त सर्च ऑपरेशन में करीब 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।
किसान के खेत में मिला 'मौत का पैकेट'
जानकारी के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 140वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा के निकटवर्ती KND और 4 BD इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी थी। इसके बाद खाजूवाला और रावला पुलिस को साथ लेकर सघन सर्च अभियान चलाया गया। खाजूवाला सीओ अमरजीत चावला के नेतृत्व में चल रही कार्रवाई के दौरान एक किसान के खेत में हेरोइन का पैकेट बरामद हुआ। मौके पर खाजूवाला थानाधिकारी (प्रशिक्षु RPS) रोहित चौधरी, रावला एसएचओ बलवंत कुमार और सुरक्षा एजेंसियों के आला अधिकारी पहुँच चुके हैं।
ड्रोन और हथियारों का 'हॉटस्पॉट' बना इलाका
हैरानी की बात यह है कि इसी इलाके में मात्र दो दिन पहले भी पाकिस्तान की ओर से भेजे गए घातक हथियार और एक ड्रोन बरामद किया गया था। तस्करों ने श्रीगंगानगर और बीकानेर के सीमावर्ती इलाकों को अपना मुख्य कॉरिडोर बनाने की कोशिश की है। घने कोहरे या रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान से लगातार ड्रोन भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने कसी कमर
इस बरामदगी के बाद सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस और बीएसएफ इस बात की जांच कर रही है कि भारतीय सीमा में इस खेप को रिसीव करने वाले 'लोकल हैंड' कौन हैं। जल्द ही इस मामले में बड़े नेटवर्क के खुलासे की उम्मीद है।

0 Comments