Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: एनिवर्सरी पार्टी में दीवार तोड़कर ड्राइंग रूम तक पहुंची कार; खड़ी गाड़ी बनी 'ढाल', बाल-बाल बचा परिवार

India-1stNews



– खौफनाक मंजर: रिड़मलसर पुरोहितान में खतरनाक मोड़ पर बेकाबू हुई स्विफ्ट; 25वीं सालगिरह मना रहे मेहमानों में मची चीख-पुकार

– 3 लोग गंभीर घायल: घर में खड़ी गाड़ी से टकराकर रुकी रफ्तार; ग्रामीणों ने घायलों को पीबीएम पहुंचाया, मोड़ पर सुरक्षा नहीं होने से आक्रोश

बीकानेर, 2 फरवरी (सोमवार)। बीकानेर के व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ ग्राम पंचायत रिड़मलसर पुरोहितान (सागर) के सामने एक घर में शादी की 25वीं सालगिरह (Silver Jubilee Anniversary) का जश्न चल रहा था। तभी एक तेज रफ़्तार स्विफ्ट कार काल बनकर आई और घर की दीवार तोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसी।

​धमाके की आवाज और कार को घर के अंदर देख समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि घर के अंदर पहले से एक और कार खड़ी थी, जिससे टकराकर बेकाबू स्विफ्ट रुक गई। अगर वह खड़ी गाड़ी न होती, तो बेकाबू कार सीधे मेहमानों को कुचल देती।

खतरनाक मोड़ पर बिगड़ा संतुलन

​प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार: घर के सामने सड़क पर एक बेहद खतरनाक मोड़ है। स्विफ्ट कार की गति बहुत तेज थी, जिससे चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा। कार अनियंत्रित होकर सीधे मकान की दीवार से टकराई और ईंटों को उड़ाते हुए अंदर घुस गई।

3 लोग गंभीर घायल, PBM रेफर

​हादसे के बाद कार में सवार लोगों की हालत खराब हो गई। धमाका सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने कार में फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला। वे गंभीर रूप से घायल थे। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

"हादसा टल गया, पर डर कायम है"

​परिजनों ने बताया कि वे शादी की सालगिरह सेलिब्रेट कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। दीवार टूटने से लोग घबरा गए, लेकिन सौभाग्य से परिवार का कोई सदस्य हताहत नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मोड़ पहले भी कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुका है। प्रशासन को बार-बार चेतावनी देने के बावजूद यहां कोई ब्रेकर या सुरक्षा दीवार  नहीं बनाई गई है।

Post a Comment

0 Comments