Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

गंगाशहर: मौत की रफ्तार का कहर! स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी भीषण टक्कर; मजदूरी पर जा रहे महिला व बालक सहित 3 की दर्दनाक मौत

India-1stNews



– हृदयविदारक हादसा: उदयरामसर-पलाना के बीच अलसुबह 4 बजे भिड़ंत; मजदूरी के लिए शादी समारोह में जा रहे थे तीनों।

– मौके पर तबाही: बाइक के उड़े परखच्चे, टक्कर के बाद स्कॉर्पियो चालक हुआ फरार; पुलिस तलाश में जुटी।

– सेवाभावी मदद: खिदमतगार खादिम सोसायटी के सदस्यों ने पहुँचाया अस्पताल; पीबीएम की मॉर्चरी में रखवाए गए शव।

बीकानेर, 20 अप्रैल (सोमवार)। बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में सोमवार का सूरज तीन जिंदगियों के लिए काल बनकर आया। धारणिया पेट्रोल पंप के पास एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग बालक की मौत हो गई।

शादी समारोह में काम करने जा रहे थे तीनों

​जानकारी के अनुसार, पलाना निवासी लेखराम, सुभाषपुरा निवासी भंवरी देवी और सोजत सिटी निवासी नाबालिग कुलदीप एक ही बाइक पर सवार होकर पलाना की ओर जा रहे थे। ये तीनों किसी विवाह समारोह में मजदूरी करने के लिए निकले थे। सुबह करीब 4 बजे सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

बचाव का नहीं मिला मौका

​हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही लेखराम और भंवरी देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल नाबालिग कुलदीप को तुरंत पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, ये तीनों आपस में रिश्तेदार नहीं थे, बल्कि मजदूरी के काम से साथ जा रहे थे।

समाजसेवियों ने संभाला मोर्चा

​घटना की सूचना मिलते ही खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के हाजी जाकिर, हाजी नसीम, राजकुमार खडग़ावत, जुनैद खान और उनकी टीम एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुँची। इन सेवाभावी युवाओं ने पुलिस की मौजूदगी में शवों को अस्पताल पहुँचाया।

स्कॉर्पियो चालक फरार, पुलिस की तलाश जारी

​हादसे को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। गंगाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562