Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: मनीष जांगू हत्याकांड का खुलासा; पत्नी ही निकली कातिल, नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर गन्ने के जूस में दिया जहर और फिर तार से घोंटा गला

India-1stNews



– खौफनाक साजिश: मुकलावा होने के कुछ समय बाद ही पति को रास्ते से हटाने का बनाया प्लान; प्रेमी ने बोलेरो में बिठाकर वारदात को दिया अंजाम।

– ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री: बन्धड़ा ताल की झाड़ियों में मिला था शव; बीकानेर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़कर 48 घंटे में किया पर्दाफाश।

– हत्या का तरीका: जूस में सल्फास मिलाकर पिलाया, बेहोश होने पर तार से रेता गला; शव को सुनसान रोही में फेंककर हुए फरार।

बीकानेर, 20 अप्रैल (सोमवार)। बीकानेर के नोखा क्षेत्र में स्थित बन्धड़ा गांव के ताल में मिली मनीष जांगू की लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस पत्नी को मनीष का मुकलावा कराकर घर लाया गया था, उसी ने अपने नाबालिग प्रेमी के साथ मिलकर मनीष की निर्मम हत्या कर दी। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है।

प्रेम प्रसंग बना जान का दुश्मन

​पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मनीष जांगू (निवासी अलाय, नागौर) की शादी निकीता के साथ हुई थी। हाल ही में निकीता का मुकलावा हुआ था, लेकिन वह अपने पति के साथ लगाव नहीं रखती थी। निकीता का एक नाबालिग लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने मिलकर तय किया कि यदि उन्हें साथ रहना है, तो मनीष को रास्ते से हटाना होगा।

गन्ने के जूस में सल्फास और फिर तार से कत्ल

​साजिश के तहत 17 अप्रैल (अमावस्या) को आरोपी नाबालिग ने मनीष को किसी बहाने से बुलाया और अपनी बोलेरो गाड़ी में बिठाया। रास्ते में उसने मनीष को गन्ने का जूस पिलाया, जिसमें पहले से ही सल्फास (जहर) मिला हुआ था। जैसे ही मनीष बेहोश हुआ, आरोपी ने लोहे के तार से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बन्धड़ा की रोही में झाड़ियों के पीछे फेंक दिया और मनीष का मोबाइल भी दूर ले जाकर फेंक दिया।

पुलिस की विशेष टीमों ने दी दबिश

​घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एएसपी बनवारीलाल मीणा और नोखा वृत्ताधिकारी जरनैल सिंह के नेतृत्व में नोखा, जसरासर और पांचू थानाधिकारियों की टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने जब निकीता और उसके संपर्क वाले लोगों पर नजर रखी, तो शक की सुई निकीता और उसके नाबालिग प्रेमी पर टिक गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. निकीता: पत्नी मनीष जांगू (निवासी अलाय, नागौर) – गिरफ्तार।
  2. नाबालिग प्रेमी: – निरुद्ध।

इनकी रही मुख्य भूमिका

​इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में नोखा थानाधिकारी अरविन्द कुमार, जसरासर थानाधिकारी आलोक सिंह और पांचू थानाधिकारी राजीव रोयल सहित उनकी टीमों का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments