– बड़ी सफलता: बीकानेर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे दुर्गेश सोनी को किया गिरफ्तार; आरोपी पर मध्यप्रदेश पुलिस ने घोषित कर रखा था 20,000 रुपये का इनाम।
– हथियारों की बरामदगी: कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल की जब्त; संगठित अपराध (BNS धारा 111) के तहत पहली बार हुई बड़ी कार्रवाई।
– गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड: आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले पहले से हैं विचाराधीन; MP में मांगी थी 10 करोड़ रुपये की फिरौती।
बीकानेर, 29 अप्रैल (बुधवार)। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश मेघवाल और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय गुर्गे दुर्गेश सोनी को अवैध हथियारों के साथ दबोच लिया है।
अवैध पिस्टल के साथ धरा गया इनामी बदमाश
एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सिटी सीओ अनुज डाल के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश सोनी (20 वर्ष 8 माह), निवासी फड़ बाजार, कोटगेट को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल बरामद की गई हैं। आरोपी दुर्गेश मध्य प्रदेश में दर्ज 10 करोड़ रुपये की फिरौती के एक मामले में फरार चल रहा था और उस पर MP पुलिस की ओर से इनाम घोषित था।
नवीन कानूनों (BNS) के तहत दर्ज हुआ मामला
सिटी सीओ अनुज डाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ-साथ अब नए कानूनों के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111 (संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। दुर्गेश सोनी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी गंभीर है; उसके खिलाफ जेएनवीसी थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन हैं।
विशेष टीम की रही अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल के साथ सउनि राकेश मीना, सउनि सुखलाल, कानि. हंसराज, मनफूल और प्रीतम शामिल रहे। इसमें सउनि सुखलाल की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने आसूचना संकलन और जमीनी स्तर पर सूचनाएं जुटाकर आरोपी तक पहुँचने में मदद की।

0 Comments