– त्वरित एक्शन: नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई और टीम की बड़ी सफलता; हत्या के आरोपी को पुलिस ने लिया हिरासत में।
– हत्या की वजह: आपसी मारपीट के दौरान भंवरलाल पर हुआ था जानलेवा हमला; सिर और पीठ पर लगी गंभीर चोटें बनीं मौत का कारण।
– पुलिस मुस्तैदी: शव मिलने के बाद सीओ हिमांशु शर्मा और थानाधिकारी ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा।
बीकानेर, 03 अप्रैल (शुक्रवार)। बीकानेर जिले के जयमलसर गांव में बीती रात हुई भंवरलाल साजनवासी की हत्या के मामले में बीकानेर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के सख्त निर्देशों के बाद नाल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गोमद को राउंडअप कर लिया है।
आपसी कहासुनी और मारपीट बनी काल
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक भंवरलाल और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर आपसी मारपीट हुई थी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने भंवरलाल पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। थानाधिकारी विकास बिश्नोई ने बताया कि भंवरलाल के सिर और पीठ पर चोट के गहरे निशान थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
एसपी के निर्देशन में टीम का 'क्लीन स्वीप'
घटना की सूचना मिलते ही गंगाशहर सीओ हिमांशु शर्मा और नाल थानाधिकारी विकास बिश्नोई ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए थे। एसपी मृदुल कच्छावा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिरों की सहायता से आरोपी गोमद को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
अगली कार्रवाई जारी
पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि मारपीट की मुख्य वजह और घटना में शामिल अन्य संभावित लोगों का पता लगाया जा सके। शव का पोस्टमार्टम पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में करवाया जा रहा है, जिसके बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

0 Comments