Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर में मिडनाइट 'गैंगवार' दो गुटों के बीच खूनी भिड़ंत; सरेराह लहराईं तलवारें और चले पत्थर, वीडियो वायरल

India-1stNews



– दहशत का मंजर: नई मस्जिद के पास पुरानी रंजिश या मामूली विवाद? लाठी-डंडों के साथ आमने-सामने आए दर्जनों युवक।

– सरेआम गुंडागर्दी: ईंट-पत्थरबाजी से इलाके में मची अफरा-तफरी; दुकानदारों और राहगीरों ने भागकर बचाई जान।

– डिजिटल सबूत: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो; पुलिस फुटेज के आधार पर कर रही दंगाइयों की पहचान।

बीकानेर, 06 अप्रैल (सोमवार)।बीकानेर के व्यस्ततम फड़ बाजार इलाके में रविवार की देर रात को भारी बवाल हो गया। नई मस्जिद के पास दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया। दोनों गुटों की ओर से दर्जनों युवक लाठी, डंडे और नंगी तलवारें लेकर सड़क पर उतर आए, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मैदान-ए-जंग बना बाजार

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई। पत्थरों और ईंटों की बारिश के बीच लोग अपनी जान बचाकर इधर-उधर छिपते नजर आए। उपद्रवियों ने कानून का खौफ ताक पर रखकर सरेआम तलवारें भांजी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने पर उतारू हैं।

भारी पुलिस जाब्ता तैनात

​घटना की सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस जाब्ता मौके पर पहुँचा। पुलिस की भारी मौजूदगी देख उपद्रवी गलियों में फरार हो गए। पुलिस ने देर रात तक इलाके में गश्त की और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन तनाव को देखते हुए एहतियात बरती जा रही है।

वायरल वीडियो से होगी पहचान

​पुलिस प्रशासन ने वायरल वीडियो को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिख रहे चेहरों का मिलान स्थानीय बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों से किया जा रहा है। थानाधिकारी के अनुसार, सार्वजनिक शांति भंग करने और हथियारों के प्रदर्शन को लेकर सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

(नोट: इंडिया फर्स्ट न्यूज़ सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता, यह जांच का विषय है।)


Post a Comment

0 Comments