Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: गंगाशहर में गौरव जोशी पर जानलेवा हमले के 6 आरोपी दबोचे; 4 नाबालिग निरुद्ध

India-1stNews



​— कातिलाना हमले पर पुलिस का कड़ा एक्शन: नोखा रोड पर तीन युवकों पर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से हमला करने वाले बदमाश चढ़े हत्थे।

पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह: 6 महीने पहले हुए झगड़े के राजीनामे के बाद भी खुन्नस खाए बैठे थे मुख्य आरोपी मुवाज और अरब खान।

सीआई परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में कार्रवाई: गंगाशहर थाना पुलिस ने चौखूंटी निवासी जावेद और रियाजुद्दीन को कोर्ट में पेश कर भेजा जेल; 4 बाल अपचारियों को किया निरुद्ध।

लोहे की रॉड और सरियों से किया था वार: बाफना स्कूल के पास बातचीत कर रहे गौरव, ज्ञानांश और लक्ष्य पर 10-12 बदमाशों ने मिलकर किया था हमला।

बीकानेर, 10 जुलाई (शुक्रवार)। बीकानेर के गंगाशहर थाना इलाके में बीते दिनों नोखा रोड पर गौरव जोशी नामक युवक और उसके दोस्तों पर हुए कातिलाना हमले की वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंगाशहर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात में शामिल कुल छह आरोपियों को राउंडअप किया है। इनमें से चार नाबालिगों (बाल अपचारियों) को निरुद्ध किया गया है, जबकि दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

बाफना स्कूल के पास घेरकर किया था जानलेवा हमला

​गंगाशहर थानाधिकारी (CI) परमेश्वर सुथार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत शुक्रवार की रात नोखा रोड पर धारदार हथियारों और लोहे के सरियों से लैस बदमाशों ने तीन युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस संबंध में घायल गौरव के पिता सुनील जोशी ने थाने में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाई थी।

​शिकायत के अनुसार, उनका पुत्र गौरव जोशी अपने मित्र ज्ञानांश आचार्य के साथ सुंदरलाल छत्ते वाले के यहां छत्ता खाने गया था। वहां से वापस घर लौटते समय वे बाफना स्कूल के पास अपने एक अन्य दोस्त लक्ष्य व्यास से मिलकर बातचीत करने रुक गए। इसी दौरान फड़बाजार गैरसरिया मोहल्ला निवासी मुवाज खान, अरब खान, देव शेखावत, अजयराज, जावेद हुसैन और रियाजुद्दीन अपने 8-10 अन्य साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और तीनों दोस्तों पर अचानक अंधाधुंध हमला बोल दिया।

बचाव में आए गंभीर घाव, गाड़ी से भागकर बचाई जान

​हमलावरों ने दुस्साहस दिखाते हुए लोहे के सरियों और भारी रॉड से गौरव के सिर, हाथ और पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। खुद का बचाव करने के प्रयास में गौरव के हाथ पर गंभीर फ्रैक्चर व चोटें आईं, वहीं बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त ज्ञानांश आचार्य के सिर और पैर में भी गंभीर घाव हो गए। हमला इतना भीषण था कि तीनों युवकों ने जैसे-जैसे अपनी गाड़ी में बैठकर और स्पीड बढ़ाकर मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

6 महीने पुराना विवाद और रंजिश आई सामने

​पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि करीब 6 महीने पहले भी इन आरोपियों ने गौरव के चचेरे भाई वेदांत जोशी के साथ मारपीट की थी। उस समय दोनों पक्षों के प्रबुद्धजनों ने बैठकर आपस में राजीनामा करवा दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी मुवाज खान और अरब खान इस राजीनामे के बाद भी अंदरूनी तौर पर गौरव से रंजिश (खुन्नस) रखने लगे थे। शुक्रवार की रात मौका पाकर उन्होंने अपने पूरे गैंग के साथ गौरव को घेर लिया और वारदात को अंजाम दे डाला।

अदालत के आदेश पर दो आरोपी जेल भेजे गए

​थानाधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने दबिश देकर 6 आरोपियों को दबोच लिया। इनमें से चार आरोपियों के नाबालिग होने के कारण उन्हें नियमानुसार निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेजा गया है। वहीं, हमले में शामिल मुख्य आरोपियों जावेद हुसैन उर्फ मोनू (निवासी— चौखूंटी) और रियाजुद्दीन सिकलीगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेजने के आदेश जारी हुए हैं। पुलिस अब इस गैंग के बाकी फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562