Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: शोकसभा के दौरान बड़ी लापरवाही! गर्म दाल के भगोने में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

India-1stNews



​— उदरासर गांव की दुखद घटना: घर में चल रही शोकसभा के दौरान अचानक गर्म दाल के बिना ढक्कन वाले भगोने में गिरा मासूम संकेत।

इलाज के दौरान बीकानेर में तोड़ा दम: गंभीर रूप से झुलसे मासूम को पीबीएम अस्पताल बीकानेर किया गया था रेफर; सोमवार को हुई मौत।

परिवार में पसरा मातम: दादा डूंगरराम के आठवें दिन की शोकसभा के दौरान हुआ हादसा; गांव में गमगीन माहौल के बीच हुआ अंतिम संस्कार।

श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने दर्ज की मर्ग: दादा कानाराम मेघवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एएसआई राजकुमार को सौंपी जांच।

बीकानेर, 04 अगस्त। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के उदरासर गांव में एक छोटी सी लापरवाही के कारण 5 साल के मासूम बच्चे की अकाल मौत हो गई। घर में चल रही परिवार के बुजुर्ग की शोकसभा के दौरान रिश्तेदारों के लिए बनाई गई गर्म दाल के भगोने में खेलते-खेलते गिरने से मासूम बुरी तरह झुलस गया, जिसकी बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

खेलते-खेलते अचानक टोपिए में गिरा मासूम

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदरासर निवासी कानाराम मेघवाल के भाई डूंगरराम की मृत्यु के बाद रविवार को घर में शोक का आठवां दिन था। दोपहर करीब 3 बजे घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों के लिए खाना पकाया जा रहा था।

​भोजन में बनी गर्म दाल को एक बड़े टोपिए (भगोने) में डालकर आंगन में रखा गया था, जिस पर ढक्कन नहीं लगा हुआ था। इसी दौरान पास में खेल रहा कानाराम का 5 वर्षीय पोता संकेत (पुत्र बाबूलाल मेघवाल) अचानक अनियंत्रित होकर गर्म दाल के भगोने में गिर गया।

पीबीएम अस्पताल बीकानेर में तोड़ा दम

​गर्म दाल से संकेत बुरी तरह झुलस गया। परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत श्रीडूंगरगढ़ के उप जिला अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार को मासूम ने दम तोड़ दिया। शव का गांव लाकर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच

​घटना के संबंध में मृतक बालक के दादा कानाराम मेघवाल ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक (ASI) राजकुमार को सुपुर्द की है।


Post a Comment

0 Comments