Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

बीकानेर: ट्रक की टक्कर से 22 वर्षीय लालसिंह की मौत, दोस्त गंभीर घायल, विधवा मां का छीना सहारा

India-1stNews



​— पुंदलसर गांव में पसरा मातम: गैस एजेंसी से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रक ने मारी टक्कर; 22 वर्षीय लालसिंह की मौके पर ही मौत।

मां का इकलौता सहारा छीना: मृतक के पिता का पहले ही हो चुका था निधन; बेटे की मौत की खबर मिलते ही बेसुध हुई बुजुर्ग विधवा मां।

दोस्त बीकानेर रेफर: हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय मानसिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल बीकानेर किया गया रेफर।

चाचा ने दर्ज कराया मुकदमा: मृतक के चाचा पदमसिंह की रिपोर्ट पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बीकानेर, 04 अगस्त। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बीदासर रोड पर सालासर फांटे के पास सोमवार शाम को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 20 वर्षीय दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुंदलसर गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गैस एजेंसी से घर लौटते समय हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुंदलसर निवासी लालसिंह (22) पुत्र स्वर्गीय माधोसिंह राजपूत, श्रीडूंगरगढ़ की एक गैस एजेंसी में काम करता था। वह रोजाना टैक्सी से आवाजाही करता था, लेकिन सोमवार शाम को उसे गांव का ही दोस्त मानसिंह (20) पुत्र महावीर सिंह राजपूत बाइक लेकर मिल गया, जिसके बाद दोनों साथ में गांव पुंदलसर के लिए रवाना हुए थे।

​इसी दौरान बीदासर रोड पर सालासर फांटे के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि लालसिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मानसिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बुजुर्ग विधवा मां का इकलौता सहारा था लालसिंह

​हादसे में लालसिंह की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लालसिंह के पिता माधोसिंह का पूर्व में ही देहांत हो चुका था। बड़ा भाई बाहर शहर में नौकरी करता है और दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। ऐसे में लालसिंह ही गांव में अपनी बुजुर्ग विधवा मां के साथ रहता था और उनका एकमात्र सहारा था। बेटे के असमय निधन से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

चाचा ने ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज कराया मामला

​घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों को श्रीडूंगरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने लालसिंह को मृत घोषित कर दिया। घायल मानसिंह को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।

​मामले में मृतक के चाचा पदमसिंह ने श्रीडूंगरगढ़ पुलिस थाने में ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही और गफलत से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562