— बज्जू पुलिस की बड़ी सफलता: बज्जू बाजार में हुई चोरी का खुलासा, दुकान से चुराए गए परिधान व पोशाकें बरामद।
— 2 वाहन जब्त: वारदात में प्रयुक्त दो वाहनों को पुलिस ने किया जब्त, बारां जिले के रहने वाले हैं सभी 6 आरोपी।
— संगठित व शातिर अपराधी: आरोपी राजस्थान समेत कई राज्यों में घूम-घूमकर भीड़भाड़ वाले बाजारों में देते थे चोरी व नकबजनी को अंजाम।
बीकानेर, 13 अगस्त: जिले के बज्जू थाना क्षेत्र में बज्जू बाजार की एक दुकान से हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय मोगिया गैंग के 6 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशों पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारीलाल मीणा व तत्कालीन वृत्ताधिकारी (कोलायत) संग्राम सिंह के सुपरविजन में बज्जू थानाधिकारी चंद्रजीत सिंह भाटी के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नेमाराम की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने 9 अगस्त 2026 को बज्जू बाजार में हुई चोरी की वारदात को सुलझाते हुए चुराए गए कपड़े/परिधान और वारदात में प्रयुक्त 2 वाहन जब्त कर लिए हैं।
राजस्थान सहित कई राज्यों में फैला है नेटवर्क, मुख्य आरोपी पप्पू पर दर्ज हैं 8 गंभीर मुकदमे
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी मूलतः बारां जिले के मोगिया समुदाय से ताल्लुक रखते हैं, जो गिरोह बनाकर घूमते हैं और सुनियोजित षड्यंत्र रचकर बाजार व भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी तथा नकबजनी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पप्पू के खिलाफ चोरी, नकबजनी, मारपीट, हत्या व आर्म्स एक्ट के 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मुन्नी बाई पर 4, शराफत पर 2 तथा सन्नी, कोहिनूर व राहुल पर चोरी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
![]() |
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- शराफत (उम्र 40 वर्ष) पत्नी राजू मोगिया, निवासी पुंजेड़ (थाना अटरू, जिला बारां)
- मुन्नी बाई (उम्र 40 वर्ष) पत्नी मुकट मोगिया, निवासी बंबोलिया कलां (थाना अंता, जिला बारां)
- पप्पू (उम्र 40 वर्ष) पुत्र तोलाराम मोगिया, निवासी तलावड़ा (थाना कोतवाली, जिला बारां)
- सन्नी (उम्र 21 वर्ष) पुत्र राजेंद्र मोगिया, निवासी तलावड़ा (थाना कोतवाली, जिला बारां)
- कोहिनूर (उम्र 19 वर्ष) पुत्र पप्पू मोगिया, निवासी तलावड़ा (थाना कोतवाली, जिला बारां)
- राहुल (उम्र 23 वर्ष) पुत्र रमेश चंद्र मोगिया, निवासी बंबोलिया कलां (थाना अंता, जिला बारां)
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सउनि नेमाराम, महिला हेड कांस्टेबल संतोष, कांस्टेबल रामकुमार और कांस्टेबल सुरेश बाघेला शामिल रहे।


0 Comments