Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

बीकानेर: स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना पंजीकरण चल रहीं 3 डायग्नोस्टिक लैब पर सीएमएचओ का छापा; तत्काल प्रभाव से जांच सेवाएं बंद

India-1stNews



​— क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत एक्शन: सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में टीम ने शहर की 3 लैब का किया औचक निरीक्षण।

कागजात व मानकों में मिली भारी खामियां: किसी का नहीं था एक्ट में रजिस्ट्रेशन, तो किसी का नवीनीकरण समाप्त; जरूरी मानकों का भी अभाव।

तत्काल काम बंद करने के निर्देश: वर्षा लेबोरेट्री, वासु लैब और गुड केयर पैथोलॉजी लैब की जांच सेवाओं पर लगाई रोक; दस्तावेज व प्रोटोकॉल पूरे होने तक बंद रहेंगी सेवाएं।

बीकानेर, 15 अगस्त: आमजन को गुणवत्तापूर्ण व सुरक्षित स्वास्थ्य जांच सेवाएं मुहैया कराने और क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट की कड़ाई से पालना सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में विभागीय टीम ने बीकानेर शहर की तीन प्रमुख डायग्नोस्टिक लैब्स का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पंजीकरण न होने और गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर तीनों लैब की जांच सेवाओं को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया।

​पंजीकरण प्रमाण-पत्र और दस्तावेजों में मिली भारी कमियां

​निरीक्षण दल में सीएमएचओ के साथ खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) डॉ. सुनील जैन तथा जिला पीसीपीएनडीटी समन्वयक महेंद्र सिंह चारण शामिल रहे। दल ने पुरानी गजनेर रोड व एसडीएम जिला अस्पताल क्षेत्र स्थित 'वर्षा लेबोरेट्री एंड डायग्नोस्टिक सेंटर', 'वासु लैब एंड डायग्नोस्टिक सेंटर' तथा भुट्टों का चौराहा स्थित 'गुड केयर पैथोलॉजी लैब' का सघन मुआयना किया।

​दस्तावेजों की गहन पड़ताल के दौरान सामने आया कि कुछ संस्थानों का क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत पंजीकरण ही नहीं था, जबकि एक लैब का रजिस्ट्रेशन समाप्त हो चुका था। इसके अतिरिक्त लैब संचालन से जुड़े कई अनिवार्य मेडिकल मानकों व प्रोटोकॉल का भी अभाव पाया गया।

​नियम पूरे होने तक जांच बंद रखने का अल्टीमेटम

​कमियां उजागर होने पर सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध ने सख्त निर्देश देते हुए तीनों लैब संचालकों को तुरंत प्रभाव से सभी प्रकार की जांच सेवाएं बंद करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सभी वैधानिक दस्तावेज और निर्धारित मानक पूरे नहीं कर लिए जाते, तब तक किसी भी हाल में जांच कार्य शुरू नहीं करने दिया जाएगा।

​डॉ. साध ने बताया कि जिले में अवैध और बिना मानकों के चल रहे जांच केंद्रों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पिछले दिनों की गई सख्ती के चलते अब कई लैब संचालक पंजीकरण के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने सभी संचालकों से अपील की कि वे समय रहते नियमों की पालना सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments