— अवैध हथियारों पर शिकंजा: जिला विशेष टीम (DST) तथा सदर, मुक्ताप्रसाद नगर, नाल व देशनोक थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।
— 3 अवैध पिस्टल व 1 कट्टा जब्त: सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन करने वालों और संदिग्धों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा।
— 4 आरोपी गिरफ्तार: चांडासर निवासी गणपतराम, बीदासर बारी निवासी भुवनेश, भरूखीरा निवासी विक्रम सिंह और हियादेसर निवासी पवन चढ़ा पुलिस के हत्थे।
बीकानेर, 13 अगस्त: बीकानेर जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला विशेष टीम (DST) तथा सदर, मुक्ताप्रसाद नगर, नाल और देशनोक थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए कुल 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्टल (मैग्जीन सहित) तथा 1 अवैध देशी कट्टा मय जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पीबीएम अस्पताल के पास से पकड़ा गया गणपतराम
12 अगस्त की रात को सदर पुलिस थाने की मनीषा हेड कांस्टेबल मय जाब्ता को गश्त के दौरान पीबीएम अस्पताल के पास अवैध हथियार के साथ घूम रहे युवक की सूचना मिली। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे चांडासर (गजनेर) निवासी गणपतराम नायक (24 वर्ष) को पुलिस ने पीछा कर दबोचा। तलाशी में उसके पास से 1 अवैध पिस्टल मय मैग्जीन मिली, जिस पर थाना सदर में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूगल आरओबी पुलिया के पास से पकड़ाया भुवनेश देवड़ा
12 अगस्त की अलसुबह मुक्ताप्रसाद नगर थाने के हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह मय टीम ने पूगल आरओबी पुलिया के पास बैठे संदिग्ध बीदासर बारी (कोटगेट) निवासी भुवनेश देवड़ा (29 वर्ष) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 अवैध पिस्टल मय मैग्जीन बरामद हुई।
एमजीएसयू के पास से विक्रम सिंह गिरफ्तार
12 अगस्त की शाम नाल थाने के सहायक उप-निरीक्षक सुभाषचंद मय जाब्ता ने महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU) के पास खड़े भरूखीरा (जामसर) निवासी विक्रम सिंह (23 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ा। उसके पास से भी 1 अवैध पिस्टल मय मैग्जीन बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
देशनोक पुलिस ने पवन को देशी कट्टे व कारतूस के साथ किया दबोचा
देशनोक थानाधिकारी सुमन शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर नोखा के हियादेसर निवासी पवन (27 वर्ष) को पकड़ा। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 1 अवैध देशी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गहनता से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में शामिल संदिग्धों की निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई है। पकड़े गए सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है कि वे ये अवैध हथियार कहां से खरीदकर लाए थे और उनका क्या उद्देश्य था। पुलिस को शहर में और भी अवैध हथियार बरामद होने की प्रबल संभावना है।



0 Comments