Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings
Advertisement
Advertisement

आईजी ओमप्रकाश ने किया गैंगवार की साजिश का पर्दाफाश: बंबीहा गैंग के 2 शार्पशूटर गिरफ्तार; बैग से निकलीं 11 पिस्टल और 22 मैग्जीन

India-1stNews



– आईजी ओमप्रकाश का खुलासा: इंदौर से पंजाब भेजी जा रही थी हथियारों की बड़ी खेप; गैंगवार की साजिश नाकाम

– बस से उतरे और भागने लगे: लखुवाली पुलिस चौकी की नाकाबंदी देख नहर की तरफ भागे बदमाश; पुलिस ने पीछा कर दबोचा

बीकानेर, 1 मार्च (रविवार)। बीकानेर रेंज पुलिस ने संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियान में रविवार को एक और बड़ी सफलता हासिल की है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने पंजाब के कुख्यात बंबीहा ग्रुप से जुड़े दो सक्रिय बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 अवैध पिस्टल और 22 मैग्जीन बरामद की हैं।

लखुवाली चौकी पर आईजी ने दी जानकारी

​बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने हनुमानगढ़ एसपी हरी शंकर की मौजूदगी में लखुवाली पुलिस चौकी पर प्रेस वार्ता कर इस पूरी कार्रवाई का खुलासा किया। आईजी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि इंदौर (मध्य प्रदेश) से अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप बस के जरिए पंजाब सप्लाई होने वाली है।

फिल्मी अंदाज में पकड़े गए बदमाश

​सूचना मिलते ही लखुवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर मान ने टीम के साथ नाकाबंदी की। 1 मार्च को जब एक बस को जांच के लिए रोका गया, तो उसमें सवार दो संदिग्ध युवक उतरकर मुख्य नहर के पटड़े की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर उन्हें धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद बैग से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?

​गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पंजाब के फरीदकोट जिले के बरगाड़ी निवासी अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन (30) और पवनदीप सिंह उर्फ बिला (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। ​इनके खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, मारपीट और संगठित अपराध के कई संगीन मामले दर्ज हैं।

हो सकता था भारी खून-खराबा

​आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब में होने वाली किसी बड़ी गैंगवार के लिए किया जाना था। हनुमानगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी वारदात को समय रहते टाल दिया है। इस सफल ऑपरेशन में एएसआई किशोर मान, जसवंत सिंह, कॉन्स्टेबल रामनारायण और राकेश की मुख्य भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों की पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।


Post a Comment

0 Comments

📰 India First News — विज्ञापन एवं न्यूज़ देने के लिए संपर्क करें: 8562008562