Mobile Logo Settings

Mobile Logo Settings

नोखा के विजय कुमार भार्गव डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित; दिव्यांगता को मात देकर समाजसेवा में पेश की अनूठी मिसाल

India-1stNews



​– बड़ी उपलब्धि: समाजसेवा के क्षेत्र में निस्वार्थ कार्यों के लिए ग्लोबल ह्यूमन राइट ट्रस्ट, जम्मू ने प्रदान की 'डॉक्टरेट' की मानद उपाधि।

दिव्यांगता पर भारी जज्बा: दोनों पैरों से अक्षम होने के बावजूद जरूरतमंदों के लिए बने मसीहा; गुल्लक से पैसे जुटाकर करते हैं गरीबों की मदद।

बहुमुखी योगदान: गौसेवा, वृक्षारोपण, मूकबधिर बच्चों की सहायता और कोरोना काल में 'कोरोना योद्धाओं' को सम्मानित करने जैसे कार्यों में रहे अग्रणी।

बीकानेर, 28 अप्रैल (मंगलवार)। बीकानेर जिले के नोखा के वार्ड संख्या 35 निवासी विजय कुमार भार्गव ने यह साबित कर दिया है कि सेवा करने के लिए शारीरिक सक्षमता से ज्यादा मजबूत इरादों की जरूरत होती है। उनके इसी सेवा भाव को देखते हुए ग्लोबल ह्यूमन राइट ट्रस्ट, जम्मू द्वारा उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा गया है। यह सम्मान ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. रहमान द्वारा प्रदान किया गया।

गुल्लक की बचत से सेवा का सफर

दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद विजय कुमार भार्गव का हौसला किसी भी स्वस्थ व्यक्ति से कम नहीं है। वे अपनी छोटी-छोटी बचत और गुल्लक में पैसे जुटाकर जरूरतमंदों की सहायता करते हैं। उन्होंने श्रीकृष्ण गोपाल गौशाला (नागौर), अपना घर आश्रम (नोखा) और नारायण सेवा संस्था के साथ मिलकर कई सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया है।

कोरोना काल में बने रक्षक

भार्गव ने कोरोना महामारी के दौरान भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने मास्क और औषधीय काढ़ा वितरण करने के साथ-साथ 'सेवा यात्रा अभियान नोखा' के तहत अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को कोरोना योद्धा सम्मान से सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने बीकानेर के चिल्ड्रन आश्रम में फल वितरण और निराश्रित गोवंश के लिए पानी के टैंकरों का सहयोग भी प्रदान किया।

विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता

विजय भार्गव का सेवा क्षेत्र केवल नोखा तक सीमित नहीं है। उन्होंने सीकर के अनाथ आश्रम में नाश्ता वितरण, नवज्योति मूकबधिर विद्यालय में सामग्री वितरण और वर्ल्ड संकीर्तन टूर ट्रस्ट (हरियाणा) के गौ सेवा धाम हॉस्पिटल में आर्थिक सहयोग दिया है। वर्तमान में वे गर्मियों के मौसम को देखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे लगाने और इंदिरा रसोई के माध्यम से गरीबों के भोजन के लिए भी निरंतर आर्थिक सहयोग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments